चंदौली। जिले में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील सभागार में डीएम संजीव सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। इसी दौरान नियामताबाद ब्लॉक का युवक सदर तहसील में गुहार लगाने पहुंचा और बताया कि हमलोग 11 सालों से विभागों के चक्कर लगाते-लगाते परेेशान हैं पर हमारा मुआवजा अभी तक नहीं मिल पाया है।
गंजख्वाजा ग्राम पंचायत के जंसो की मड़ई निवासी विधि का छात्र राहुल यादव सोमवार को जिलाधिकारी से मिलने उनके कार्यालय गए थे। वहां घंटों इंतजार के बाद कर्मचारियों ने बताया कि जिलाधिकारी सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में गए हुए हैं। राहुल वहां पहुंच गए और डीएम से गुहार लगाई। राहुल ने बताया कि जंसो की मड़ई स्थित हमारे परिवार के छह सदस्यों की 198.2 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण 2010 में ही प्रशासन की ओर से कर लिया गया और उसपर हाईवे बन भी गया। पर 11 सालों में अभी तक नियत 6.5 लाख रुपये का मुआवजा नहीं मिल सका है। लेखपाल से लेकर सभी अधिकारी बस दौड़ाने का काम कर रहे हैं। इसलिए अब मैं दिल्ली से पढ़ाई छोड़कर आपसे मिलने आया हूं। डीएम ने संबंधित अधिकारी को फोन किया और छठ बाद किसी भी तरह से मुआवजा उपलब्ध कराने का आदेश दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 25 लोगों ने अपने समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिसमें तीन का मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान एसडीएम अविनाश कुमार, तहसीलदार विराग पांडेय, पीडी सुशील कुमार, डीएसओ देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी आरएमओ अनूप श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे, डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे मौजूद रहे।