चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के लीलापुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार की देर रात सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में श्रद्धालुओं से भरी स्कार्पियों भीड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छह अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। वाहनों के टक्कर की तेज आवाज सुनकर मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने सभी घायलों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस और 108 की एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचा गया। जहां चार की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बिहार के सासाराम के रहने वाले श्रद्धालु मिर्जापुर विंध्याचल धाम से दर्शन करके स्कार्पियों वाहन से वापस लौट रहे थे। वाहन जैसे ही लीलापुर नेशनल हाईवे के समीप पहुंचा की अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। जहां मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना में सासाराम निवासी महिला सवारों देवी(55) की मौके पर ही मौत हो गई। वही निमिया रोहतास निवासी नंदलाल ठाकुर (30), सासाराम निवासी उतिमा देवी (50), सासाराम निवासी विश्वनाथ सिंह (70), सासाराम निवासी छैबर सिंह (40), सासाराम निवासी जयप्रकाश तिवारी (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने इलाज के बाद भागवती देवी, विश्वनाथ सिंह, छैबर सिंह, जयप्रकाश तिवारी की हालत नाजुक देख वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान पीछे से आ रहे साथी श्रद्धालुओं की जिला अस्पताल में भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी। कोतवाल अलिन कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में मृत महिला के शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवा दिया है।