पीडीडीयू नगर। कालीमहाल के करीब विजयनगर कॉलोनी में लगा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार की रात नौ बजे के करीब तेज धमाके के साथ जल गया। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने रात में ट्रांसफार्मर के मरम्मत का प्रयास किया पर सफल नहीं हुए। नया ट्रांसफार्मर लगाने से विभाग को बृहस्पतिवार की शाम के छह बज गए। इससे लोगों को 18 घंटे तक बिजली नहीं मिल सकी।
गर्मी के मौसम में कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों के जलने का सिलसिला जारी है। कनेक्शन के अनुपात में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लोड बढ़ते ही जल जाते हैं। विजयनगर कालोनी में बुधवार की रात नौ बजे एकबार फिर ट्रांसफार्मर जल गया। लोगों को उमसभरी गर्मी में बिना पंखे, कूलर व एसी के रात काटनी पड़ी। विभागीय अधिकारियों ने स्टोर से मंगाकर नया ट्रांसफार्मर तो लगाया पर इसमें शाम के छह बज गए। इससे लोगों को पूरी रात, अगले दिन की सुबह व दोपहर उमसभरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। इस संबंध में एक्सईएन प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर मंगाने के लिए होने वाली कागजी खानापूर्ति के कारण विलंब हुआ है।
इनसेट-----
ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी, आपूर्ति बंद
पीडीडीयू नगर। नगर में जीटी रोड के किनारे स्थित काली मंदिर के समीप लगे ट्रांसफार्मर से बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे चिंगारी निकलने लगी। सूचना मिलने पर बिजली की आपूर्ति बंदकर कर्मचारी ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने पहुंच गए थे। शाम साढ़े छह बजे तक आपूर्ति बाधित रही।संवाद
रिपोर्ट व संपादन- धनंजय