नौगढ़। एसडीएम डॉ. अतुल गुप्ता ने क्षेत्र के देवखत गांव में मंगलवार को खलिहान और सेक्टर मार्ग की भूमि पर किया गया अतिक्रमण हटवा दिया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा किए जाने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
थाना क्षेत्र के देवखत गांव में कई साल पहले से खलिहान और चकरोड की भूमि पर गांव के कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया था। ग्राम प्रधान श्रीनाथ यादव ने चकरोड निर्माण कराने पर अवरोध उत्पन्न होने के बाद कब्जा हटाने के लिए एसडीएम नौगढ़ को प्रार्थना पत्र सौंपा था। एसडीएम ने हल्का लेखपाल को मामले की जांच सौंपी थी। हल्का लेखपाल चंदन की जांच में खलिहान और चक मार्ग की भूमि पर कब्जा होना पाया गया। इसके बाद मंगलवार को एसडीएम हल्का लेखपाल व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जमीनों की पैमाइश कर खलिहान की भूमि को खाली करा लिया। एसडीएम ने चेताया कि यदि फिर से भूमि पर कब्जा किया गया तो कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।