चंदौली जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र के पचफेड़िया गांव निवासी लालचंद(20) गुरुवार को पास के ही जंगल में बकरी चराने गया था। उस पर अचानक भालू ने हमला कर दिया और पैर को दबोच लिया। लालचंद पर भालू का हमला देखकर उसके साथ गया पालतू कुत्ता भालू से भिड़ गया।
कुत्ते ने अपने मालिक को बचाने के लिए जान झोंक दी। कुत्ते के हमले का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और इकट्ठा हो गए। भीड़ देखकर भालू भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल भालू के हमले से चोटिल युवक को चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने उपचार के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अपने मालिक के लिए जान पर खेल जाने वाले कुत्ते की चर्चा गांव में हर तरफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि अगर आज कुत्ता नहीं होता तो युवक की जान चली गई होती।