चंदौली जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां पूरा देश नवरात्रि में देवियों की पूजा और कन्या पूजन कर रहा है, तो दूसरी तरफ किसी ने अपनी नवजात बच्ची को एक चादर में लपेटकर सड़क के किनारे फेंक दिया। नवजात की मौत हो चुकी थी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के जसुरी गांव का है। जहां सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने चादर में लिपटी हुई मृत नवजात शिशु को देखा, देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। वहां पहुंची महिलाओं ने माता-पिता को जमकर कोसा।
वहीं नवजात शिशु का शव मिलने से लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे है। जहां एक तरफ सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद कर रही है तो दूसरी तरफ समाज में कुछ ऐसे भी मां-बाप हैं, जो मानवता को शर्मसार करके बच्चियों की हत्या में परहेज नहीं कर रहे है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। साथ ही में लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।