कंदवा। बरहनी ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि और भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र के सह संयोजक महेंद्र सिंह ने मंगलवार की शाम लखनऊ पहुंच कर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के साथ उप मुख्यमंत्री और ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मांगपत्र सौंप कर सैयदराजा से बरहनी स्थानांतरित होने वाले विकास खंड कार्यालय के निर्माण एवं विकास के लिए धन आवंटित किए जाने की मांग की। इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने फाइल मंगा कर धन आवंटित किए जाने का आश्वासन दिया।
विकास खंड बरहनी का कार्यालय बगही कुंभापुर के न्याय पंचायत भवन में संचालित किया जाता है। इस पर बसंत सिंह के नेतृत्व में लोगों ने उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल की थी। उच्च न्यायालय में ब्लॉक मुख्यालय बरहनी स्थित पुराने ब्लॉक भवन में संचालित करने का आदेश दिया था। इस पर कुछ कार्य बरहनी से भी संपादित किए जाते हैं, लेकिन जगह की कमी को देखते हुए ब्लाक प्रमुख सुनीता सिंह ने 443.39 लाख का प्राक्लन बनवा कर आयुक्त ग्राम्य विकास को भेजा था। बावजूद इसके अब तक धनराशि आवंटित न होने के कारण भवन निर्माण में कोई प्रगति नहीं हो पायी। अब ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने उप मुख्यमंत्री को पत्रक देकर बरहनी विकास खंड कार्यालय के निर्माण व विकास के लिए धनराशि आवंटित किए जाने की मांग की है। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। इस दौरान विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, जितेंद्र सिंह, पवन सिंह जनसेवक, संतोष सिंह रहे।