पड़ाव। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की कार शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे मालवीय पुल से पड़ाव जाते समय पुल पर लगे लोहे के अवरोधक से टकरा गई। इसके बाद कार का एक चक्का पंचर भी हो गया। घटना के बाद अफरातरफी मच गई। मौके पर सीओ अनिल राय, मुगलसराय इंस्पेक्टर बृजेश तिवारी भी पहुंच गए। उपराज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित थे उनको दूसरी गाड़ी में बैठाकर भेजा गया।
जम्मू काश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का शुक्रवार को गाजीपुर के जमानियां, मुहम्मदाबाद समेत अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रमों थे। गहमर के कामाख्या धाम मंदिर और रेवतीपुर में माता भवानी के मंदिर में भी पूजा अर्चना का कार्यक्रम था। चंदौली होकर जमनिया जाने का रास्ता नजदीक है। इसलिए मनोज सिंहा मालवीय पुल से होकर जा रहे थे। इसी दौरान मालवीय पुल पर उतरते समय बने लोहे के अवरोधक में निकलते समय उनके कार के बाएं का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गाड़ी का एक चक्का पंचर भी हो गया। घटना को देखकर पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी दौड़ पड़े। वहीं सूचना पर दोनो जिले के रामनगर और मुगलसराय थाने की पुलिस पहुंच गई। कार को बाहर कर उपराज्यपाल को दूसरी गाड़ी में बैठाकर रवाना किया गया। उपराज्यपाल पूरी तरह से सुरक्षित थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार आम कारों से काफी चौड़ी थी जिसकी वजह से वह अवरोधक को पार नहीं कर सकी और फंस गई।
पीडीडीयू नगर। वाराणसी से गाजीपुर के जमनिया जा रहे जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिंहा का नगर के सुभार्ष पार्क के सामने लोगों ने स्वागत किया। उपराज्यपाल को फूल मालाओं से लाद दिया गया। स्वागत करने वालों में डॉ. अनिल यादव, राणा प्रताप सिंह, संतोष खरवार, विकास सिंह, राहुल जायसवाल, विशाल तिवारी, भानु तिवारी, प्रियंका तिवारी, भरत चौहान, कुंदन सिंह रहे।संवाद