चंडीगढ़ में होने वाले संतोष ट्राफी नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप के नार्थ जोन क्वालीफाइंग राउंड मुकाबले के लिए उत्तर प्रदेश की फुटबाल टीम का चयन कर लिया गया है। टीम में धानापुर के युवा फुटबालर इमरान का भी चयन हुआ है। इमरान खान को मिडफील्ड में खेलने की जिम्मेदारी दी गई। वह टीम के साथ शनिवार को लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। इमरान के चयन से खुशी का माहौल है।
कस्बा निवासी शमीम खान के चार पुत्र और दो बेटियां हैं। इन्हीं में एक इमरान भी हैं। गरीबी के बीच अपने जोश और जुनून के बदौलत इमरान ने प्रदेश की टीम में जगह बनाई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के एवं आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के तत्वावधान में लखनऊ चौक स्टेडियम में प्रशिक्षण शिविर के बाद उसके बेहतरीन खेल को देखकर उसका चयन किया गया। मित्रों और परिजनों का कहना है कि इमरान ने अमर वीर इंटर कॉलेज के मैदान से रबड़ की गेंद से खेलना शुरू किया था। इमरान ने बताया कि गांव में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिताओं से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कोच हेमंत जोशी की कोचिंग में फुटबाल की बारीकियां सीखी हैं। पिता शमीम खान ने बताया कि इमरान को फुटबाल खेलने का जुनून है। प्रदेश की टीम में चयन हुआ है, सुनकर खुशी हो रही है।