पीडीडीयू नगर जंक्शन से थोड़ी ही दूरी पर स्थित सब्जी मंडी के सामने रविवार देर शाम बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा नजर आया। असली और नकली किन्नर के चक्कर में किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुट एक दूसरे का मुंह नोचते, बाल खींचते और जमकर लात-घूंसे बरसाते नजर आए। बीच सड़क पर दोनों गुट की गुत्थमगुत्थी के कारण लंबा जाम लग गया। लोग तमाशबीन बने रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह किन्नरों को शांत कराया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार रविवार शाम पीडीडीयू नगर सब्जी मंडी के पास कुछ किन्नर लोगों से पैसे मांग रहे थे। इस दौरान किन्नरों का दूसरा गुट भी पहुंच गया और वहां पर पहले से मौजूद किन्नरों को नकली बताया। वाद-विवाद बढ़ा तो दूसरे गुट के किन्नरों ने पैसे मांग रहे गुट के एक किन्नर को नकली बताते हुए उसकी पिटाई कर दी।
इसके बाद दोनों गुट में हाथापाई शुरू हो गई। दोनों गुट एक दूसरे का मुंह नोचते, बाल खींचने और जमकर लात-घूंसे बरसाने लगे। कई किन्नर बदन से कपड़े उतारकर उत्पात मचाने लगे। देखते-देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।