वन विभाग की चौकी के दो कमरों में अपना आशियाना बनाने वाले औरवाटांड स्थित प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अर्जुन सिंह को वन विभाग की टीम ने बुधवार को बेदखल कर दिया। अमर उजाला ने पांच अक्टूबर मंगलवार के अंक में इस खबर को प्रकाशित किया था। खबर को संज्ञान में लेने के बाद वन विभाग ने यह कार्रवाई की है।
औरवाटांड पुलिस चौकी के बगल में वन विभाग की चौकी भी स्थापित है। इस चौकी के दो कमरे पर प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक ने वन विभाग के वाचरों की मदद से कब्जा कर अपना आशियाना बना लिया था। मामले की जानकारी भाजपा के जिला प्रतिनिधि व पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी ने वन विभाग के अधिकारियों को देने के साथ ही सीएम पोर्टल पर भी की थी। वहीं अमर उजाला ने पांच अक्टूबर के अंक में ’शिक्षक का वन चौकी पर कब्जा’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद वनविभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वन क्षेत्राधिकारी रिजवान अली खान ने वन विभाग की टीम भेजकर बिना मौका दिए सहायक अध्यापक का बिस्तर, चौकी व मच्छरदानी समेत चौकी से बेदखल कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने चौकी में अध्यापक के द्वारा आशियाना बनाए जाने के मामले में हल्का वनरक्षक से जवाब तलब भी की है। कब्जा हटाने गई टीम में वन दरोगा गुरदेव सिंह, सचिन पांडे के अलावा वन विभाग के सुरक्षा प्रहरी भी शामिल थे। एबीएसए अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि नौगढ़ इलाके के सभी प्रधानाध्यापकों से नोड्यूज लिया जाएगा कि वे कहीं किसी भी विभाग के सरकारी भवन का अनुमति के बिना प्रयोग नहीं कर रहे हैं।