सैयदराजा। थाने के मनराजपुर गांव में पुलिस की दबिश के दौरान गुड़िया उर्फ निशा की मौत के बाद उसकी बहन गुंजा ने खाना पीना छोड़ दिया है। बहन की मौत का न्याय के लिए अनशन की वजह से गुंजा की हालत गंभीर हो गई है। चिकित्सकों की सलाह के बावजूद गुंजा खाना नहीं खा रही है। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पर ही गुंजा का इलाज शुरू किया है।
एक मई को पुलिस की दबिश के दौरान कन्हैया की पुत्री गुड़िया उर्फ निशा की संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। वहीं छोटी बहन गुंजा जख्मी हो गई। परिवार वालों ने पुलिस पर बेटी की पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में थानाध्यक्ष सहित छह पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गुड़िया की मौत के बाद से ही गुंजा ने खाना पीना छोड़ दिया। उसने न्याय मिलने तक अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है। वह घर परिवार के लोगों की भी बात नहीं मान रही है। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और इलाज शुरू किया। उसे पानी चढ़ाया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी आरती वर्मा ने कहा कि विभाग के निर्देश पर वह गुंजा की देखभाल और उपचार करने के लिए यहां आई है। फिलहाल उसको कमजोरी है और उसे ड्रिप लगाकर उसका इलाज किया जा रहा है।