पीडीडीयू नगर। विद्युत वितरण खंड-2 को जर्जर तारों व खंभों को बदलने व ट्रासफर्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए शासन से एक करोड़ पांच लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है। विभाग ने इस धनराशि में से 10 लाख रुपये का
टेंडर पास करा दिया है। इस धन से अलीनगर क्षेत्र के जर्जर तारों व खंभों को बदला जाएगा। जर्जर तारों व खंभों को बदलने के बाद क्षेत्र के लगभग साढ़े छह हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से बिजली मिलने लगेगी। इसके बाद अन्य क्षेत्रों के तार व खंभों को बदलने के लिए शीघ्र टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग का कहना है कि गर्मी का कम होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
गर्मी आने के बाद बिजली की मांग बढ़ जाती है। लोड बढ़ने व हीटिंग के कारण जर्जर तारो के टूटने का सिलसिला आरंभ हो जाता है। वहीं जर्जर खंभों के कारण भी आए दिन दुर्घटना होती रहती है। लोगों तक निर्बाध रूप से बिजली पहुंचाने व जर्जर खंभों से होने वाली दुर्घटनाओं से लोगों को बचाने के लिए तारों व खंभों को बदलने का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उपखंड ने जर्जर तारों व खंभों को बदलने के लिए शासन से एक करोड़ पांच लाख रुपये की कार्ययोजना भेजी थी। कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही शासन की ओर से धन अवमुक्त कर दिया गया है। योजना के प्रथम चरण में अलीनगर क्षेत्र के जर्जर बिजली के तारों व खंभों को बदलने का कार्य दो सप्ताह के बाद आरंभ कर दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
पीडीडीयू नगर। अलीनगर क्षेत्र में लगे तार व खंभे काफी पुराने हो गए हैं। अधिकांश स्थानों पर खुले तारों से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इससे जहां तारों के टूटने का खतरा बना रहता है वहीं बिजली चोरी की भी संभावना बनी रहती है। विभाग की ओर से अब खुले तारों के स्थान पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक कवर्ड एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) तार लगाए जाएंगे। इससे जहां दुर्घटनाओं में कमी आएगी वहीं यह बिजली चोरी रोकने में भी कारगर साबित होगा। इसके अलावा क्षेत्र में जर्जर हो चुके करीब 15 खंभों के स्थान पर नए खंभे भी लगाए जाएंगे।
इन दिनों जिले में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। विभगीय अधिकारियों का कहना है कि जर्जर तारों व खंभों को बदलने के लिए दिन में करीब आठ घंटे बिजली कटौती करनी पड़ेगी। ऐसा करने से गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ेगी। उपभोक्ताओं की सहूलियत और उन्हें गर्मी के प्रकोप से बचाने के लिए कार्य को दो सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।
बिजली के जर्जर तारों व खंभों को बदलने के लिए विभाग पूरी तरह गंभीर है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया जारी है। प्रथम चरण में अलीनगर क्षेत्र के तारों व खंभों को बदला जाएगा। इसके साथ ही अन्य स्थानों के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जारी रहेगी। शीघ्र ही उपखंड से जुड़े सभी स्थानों के जर्जर तार व खंभे बदल दिए जाएंगे। प्रवीण कुमार सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड-2, मुगलसराय।
रिपोर्ट व संपादन- धनंजय
बाइट- 2830