पीडीडीयू नगर। गंगा के जल स्तर में लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। पिछले चौबीस घंटे में छह फीट तक जल स्तर बढ़ गया है। शनिवार की सुबह जिले में गंगा का जल स्तर 70.30 रिकार्ड किया गया। चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से गंगा का जल स्तर बढ़ रहा है। इस तरह जिले में अब गंगा खतरे के निशान 71.262 मीटर से एक मीटर नीचे है। वहीं तटवर्ती गांवों में गंगा का पानी तट छोड़ कर गांव के सिवानों तक पहुंच गया है और जिस तेजी से पानी बढ़ रहा है। उससे रविवार तक गांवों में पानी पहुंचने की आशंका है। इससे गांवों मे दहशत है और लोग गृहस्थी के सामान व पशुओं को ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने लगे हैं।
जिले में नियामताबाद, चहनियां और धानापुर ब्लाक में 120 गांव गंगा के किनारे बसे हैं। बारिश होते ही गंगा केे जल स्तर में बढ़ोत्तरी होने लगी। शनिवार को गंगा के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। चौबीस घंटे में छह फीट तक पानी बढ़ा है। जिले में गंगा के तटवर्ती नियामताबाद ब्लाक के तटवर्ती जलीलपुर, कुंडा, बहादुरपुर, मवई कला गांव है। इसी तरह चहनियां ब्लाक के रौना, कैली, भूपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, महुअरिया, विशापुर, महुआरी, सराय, बलुआ,डेरवा, महुअर, जुड़ा हरधन, गंगापुर, पुरा विजयी, पुरा गनेश, सोनवरसा, टांडा, महमदपुर, सरौली, जमालपुर, बड़गांवा, शेरपुर, सरैया, हसनपुर, तिरगाव, भूसौला, मकुंदपुर, सहेपुर आदि गांव हैं। इसी तरह धानापुर ब्लाक के नरौली, रायपुर, बड़ौरा, अमादपुर, तीन मोकरम, नगवां, मेढ़वा, कोहड़ा, सकरारी, पपरौल, दीया पसहटा, नादी निधौरा, गद्दोचक, नौघड़ा, बुढ़ेपुर, हिंगुतर आदि गांव हैं। यहां गंगा का पानी अपना तट छोड़ कर सिवान में पहुंच गया। इससे फसलें जलमग्न हो गई है। चहनियां संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के टांडा सोनबरसा गांव में गंगा के किनारे स्थित मां घटवारी मंदिर डूब गया, वहीं सोनबरसा गांव में घटवारी मंदिर के चबूतरे तक पानी पहुंच गया। तटवर्ती गांव में मल्लाह जाति के लोग बढ़ते गंगा के जलस्तर के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। जिनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है । जनपद के पं दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि बाढ़ को लेकर प्रशासन एलर्ट है।