धानापुर। कस्बा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गयी है। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। गंदगी और दुर्गंध के बीच से लोग आने जाने की विवश हैं। कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से तैनात सफाईकर्मी पर्याप्त नहीं है।
दो किमी क्षेत्रफल में बसे धानापुर न्याय पंचायत में लगभग चालीस हजार की आबादी निवास करती है। कस्बे की सफाई के लिए तीन सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। जबकि कस्बे में आधा दर्जन से अधिक प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय है। इसके अलावा शहीद पार्क भी है। जिसके सफाई की जिम्मेदारी भी इन्हीं सफाईकर्मियों के कंधे पर हैं। बड़ी न्याय पंचायत होने के कारण कस्बे की पूरी तरह से सफाई नहीं हो पाती है। वहीं त्योहारों पर रोस्टरवार सफाई कराई जाती है। कस्बे में तैनात सफाईकर्मियों को हाथ ठेला गाड़ी नहीं मिलने के कारण कूड़े को बोरे में डालकर उसे पीठ पर लादकर दूर फेंके जाता है। ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा ने कहा कि सफाईकर्मियों की संख्या कई बार बढ़ाने के लिए कहा गया है। अभी तक सफाईकर्मी उपलब्ध नहीं हो सके है।