चंदौली। विश्व क्षय रोग दिवस पर बृहस्पतिवार को जिले में नई पहल शुरू हुई। संभ्रांतजनों, अफसरों व स्वयंसेवी संस्थाओं ने टीबी पीड़ित मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज व खान-पान की व्यवस्था करने की शपथ ली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम संजीव सिंह व अन्य अधिकारियों ने भी 10 रोगियों को गोद लिया। इस दौरान डीएम ने मरीजों में न्यूट्रीशन पैकेट का वितरण किया। साथ ही मरीजों के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में बेहतर कार्य हो रहा है। इलाज व सुविधाओं में आ रही कमियों को दूर करने की कोशिश की जा रही है। इसकी बदौलत जिला प्रदेश के टाप-10 जनपदों की श्रेणी में शामिल हो सका है। जिले को केंद्र सरकार की ओर से कांस्य पदक दिया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ अजितेंद्र नारायण, एडीएम उमेश मिश्रा समेत प्रभारी चिकित्साधिकारी व अन्य विभागों के अफसर मौजूद रहे।
चंदौली। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. युगल किशोर राय ने बताया कि जिले में 2021 से अब तक 3480 क्षय रोगियों का इलाज चला। इसमें से 1809 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 712 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। क्षय रोगियों को इलाज के दौरान पोषण हेतु 500 रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खाते में भेजा जाता है। वर्ष 2021 में कुल 53,50,500 रुपये का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया जा चुका है। पहली बार प्रदेश से 10 उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले जनपदों को सब नेशनल सर्टिफिकेशन के लिए नामित किया गया था। इसमें जनपद भी शामिल है। इस उपलब्धि के लिए जिले को कांस्य पदक के लिए चयनित किया गया है।