नौगढ़। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ग्राम्या संस्थान और गुंज संस्था की ओर से स्टाफ नर्स, एएनम, आशा संगिनी समेत 19 लोगों को कोविड मेडिकल किट प्रदान किया गया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों से कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह ने कहा कि कोरोना की पहली लहर के बाद लापरवाही से दूसरी लहर से हमें बहुत नुकसान उठाना पड़ा। वैक्सीन बहुत महत्वपूर्ण है। महिला स्वास्थ्य अधिकार मंच की कोऑर्डिनेटर नीतू सिंह ने बताया कि स्टाफ को दिए गए मेडिकल किट मे ऑक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर, थर्मामीटर, मास्क, ग्लब्स, पेरासिटामोल, विटामिन की गोली और ओआरएस के पैकेट भी हैं। मेडिकल किट को लेकर आशा के एनम अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और किशोरियों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अवधेश पटेल साथ संस्था के सुरेंद्र, राम विलास, त्रिभुवन रहे।