चंदौली। मुख्यालय स्थित इंडियन बैंक में हुई लॉकर चोरी के मामले में बैंक प्रबंधन के रवैये से असंतुष्ट लॉकरधारकों ने मंगलवार को बैंक के अंदर पूजा-पाठ व सुंदरकांड का पाठ किया। लॉकरधारक बैंक के उच्चाधिकारियों से वार्ता और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
चोरों ने इंडियन बैंक के चालीस लॉकर काटकर करोड़ों के गहने पार कर दिए थे। पुलिस ने गिरोह को पकड़ा लेकिन लॉकरों से चुराए गए गहने और पूरा माल बरामद नहीं कर सकी। अपनी मेहनत की कमाई गंवा चुके लॉकरधारक न्याय के लिए भटक रहे हैं। उनका आरोप है कि बैंक प्रबंधन की ओर से सहयोग नहीं किया जा रहा है। कागजात देने में आनाकानी की गई। मामले में बैंक व पुलिस का रवैया सहयोगात्मक नहीं है। इससे रोष बढ़ता जा रहा है। कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।