पीडीडीयू नगर । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जीटीआर ब्रिज के पास मंगलवार की सुबह लगभग पांच ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ घायल हो गया । घटना के बाद लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गयी । सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया । पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है ।
अलीनगर थाना क्षेत्र के अंधियार की मड़ई गंजख्वाजा निवासी विपिन चंद्र यादव (55) चन्दासी कोल मंडी में कार्य करते थे । मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे विपिन अपनी बाइक से कोयला मंडी जा रहे थे । जैसे ही विपिन चकिया तिराहे से आगे बढ़े की सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आगे गए । जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए । इस दौरान चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद लोगों ने उन्हें क्षेत्र स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया , जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया । मुगलसराय कोतवाली प्रभारी बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मृतक के परिवार की ओर से अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के गंज ख्वाजा गांव निवासी विपिन चंद्र यादव की मौत के बाद उनके दो पुत्र रामअवतार व पीयूष समेत पत्नी लालमणि देवी का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं बुढ़ापे का सहारा छिन जाने के बाद पिता बेचन यादव (85) गुमसुम बैठे रहे। लोगों के अनुसार विपिन काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। संवाद
पीडीडीयू नगर । जिले की सड़कों पर सरपट दौड़ रहे ट्रैक्टर आये दिन राहगीरों के लिए काल बन जा रहे हैं। बारह घंटे के भीतर जिले में ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो लोग काल के गाल में समां गये है। नियमों की परवाह किये बैगर सड़क पर ट्रैक्टर दौड़ाने वाले ज्यादातर चालक युवा है। ऐसे में स्पीड के प्रति उनका प्रेम लोगों के लिए काल साबित हो रहा है। खासतौर पर मिट्टी ढोने वाले ट्रैक्टरों की रफ्तार बेकाबू रहती है। निर्धारित समयावधि के भीतर अधिक से अधिक चक्कर मारने के चलते ट्रैक्टर चालक काफी हड़बड़ी में रहते हैं जो कि राह चलते लोगों के लिए खतरनाक हो जा रहे हैं। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर गांव के समीप सोमवार की शाम लगभग पांच बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सब्जी विक्रेता लालमन राम (55) को रौंद दिया था। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मंगलवार की सुबह लगभग पांच बजे मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चकिया तिराहे से आगे जीटीआर ब्रिज के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से विपिन चंद यादव (55) की मौत हो गई। दोनों ने घटनाओं से लोगों में नाराजगी है।