राजकीय रेलवे पुलिस ने शुक्रवार की देर रात चेकिंग के दौरान ट्रेन से यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दबोचा। तलाशी में उनके कब्जे से 28 हजार रुपये नकदी, लैपटाप, मोबाइल सेट, जेवरात आदि बरामद हुए। जीआरपी की मानें तो बदमाश लंबे समय से ट्रेनों में चोरी करते आ रहे हैं।
जीआरपी पुलिस महानिदेशक रेलवे और पुलिस अधीक्षक रेलवे इलाहाबाद परिक्षेत्र के निर्देशानुसार संदिग्धों की जांच पड़ताल की जा रही थी। रात करीब सवा दो बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन के पूर्वी छोर पर तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखे। वह जीआरपी को देख कर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दबोचा और तलाशी ली तो उनके पास से 28 हजार 8 सौ रुपये, एक लैपटाप, एक टैबलेट, पांच मल्टीमीडिया फोन, चांदी की 4 पायल,10 जोड़ी बिछिया, चांदी के सिक्का, 1 सोने की चेन, नशीला पाउडर आदि बरामद हुआ।
पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम मनोज कुमार सिंह, अरुण सिंह निवासी झोटना थाना भुड़कुड़ा जिला गाजीपुर और धर्मेंद्र राजभर निवासी हथियाराम भुड़कुड़ा जिला गाजीपुर बताया। पकड़े गए लोगों ने पुुलिस को बताया कि वह पहले से ट्रेनों को लक्ष्य बना कर अपना काम तय कर लेते हैं। इसके बाद चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ट्रेन में मौका देखते ही वह सामान लेकर फरार हो जाते हैं। फिर तयशुदा स्थान पर मिलकर बंटवारा करते हैं। जीआरपी कोतवाली प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि गिरोह मुगलसराय, बनारस, शाहगंज, गाजीपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर, गया, सासाराम, आरा, पटना आदि इलाकों में चोरी करता है। पुलिस टीम में राजेश कुमार, केदार नाथ मौर्या, कांस्टेबल मदनलाल यादव, आशीष, वीरेंदर प्रसाद, शिवाकांत, संतोष यादव आदि रहे।