भिवानी में प्रणामी मंदिर के पास सायं को भरे बाजार महिला की चेन तोड़ बाइकर्स फरार हो गए। महिला ने शोर भी मचाया मगर जब तक लोग कुछ समझते, बाइकर्स फरार हो चुके थे। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला शनिवार सायं करीब साढ़े पांच बजे का है।
शांति नगर गली नंबर 12 वासी महिला नीतू सायं को अपनी रिश्तेदारी में प्रणामी मंदिर के पास गली नंबर एक में जा रही थी। जब वह गली में मुड़कर रिश्तेदार के घर के पास पहुंची तभी पीछे से बाइक पर आए दो युवक उसकी चेन तोड़ फरार हो गए। महिला ने शोर भी मचाया मगर युवक बाइक को तेजी से दौड़ाकर फरार हो गए। महिला के शोर की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए। सूचना जैन चौक चौकी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला व आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। महिला नीतू ने बताया कि दो युवक बाइक से आए और पीछे से पकड़कर उसकी चेन तोड़ी। अचानक हुई कार्रवाई से उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला। मामले में जैन चौक चौकी से एसआई रामधारी ने बताया कि महिला नीतू की चेन तोड़ी गई है। शिकायत मिलते ही नाकेबंदी करवाई गई थी। चेन स्नेचिंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
ब्लैक कलर की बिना नंबर की बाइक
महिला नीतू ने बताया कि दोनों युवक काले रंग की बाइक पर सवार थे। बाइक के पीछे कोई नंबर नहीं था। इसके अलावा पीछे बैठे युवक ने सफेद रंग की लाइनदार टी-शर्ट पहन रखी थी।
सीसीटीवी से लग सकता है सुराग
चेन स्नेचरों का पुलिस के पास न चेहरा है और न ही कोई अन्य जानकारी। अब मार्केट में दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा से ही कुछ सुराग लग सकता है। प्रणामी मंदिर के पास कुछेक दुकानदारों ने ही अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए है। अब पुलिस इनसे संपर्क साध रही है।