युवती का शव मिलने के बाद जुटे लोग।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नवहीं गांव स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर के समीप गंगा नहर के किनारे एक गड्ढे में रविवार की सुबह अज्ञात युवती (22) का हत्या कर फेंका गया शव मिला। शव पर गले, हाथ और पेट पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान थे। दोनों हाथों में मेंहदी लगी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नवहीं गांव के लोग सुबह के वक्त शौच के लिए गंगा नहर किनारे गए हुए थे। इसी बीच किसी ने नहर से सटे एक गड्ढे में युवती का शव पानी में तैरता देखा। शव मिलने की सूचना पर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। इधर सदर कोतवाली पुलिस के अतिरिक्त एएसपी शशिकांत भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक किरीट कुमार राठोड़ समेत अन्य पुलिस अधिकारी नवहीं गांव पहुंचे और शव को पानी से निकलवा कर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस संबंध में एसपी किरीट कुमार राठोड़ ने बताया कि पुलिस का ध्यान पहले शव की पहचान कराने पर है। जिले के सभी थानों में मृत युवती की फोटो भेज दी गई है। साथ ही वाराणसी से एक विशेष टीम बुलाई गई है, जिससे घटना के सभी तथ्यों को उजागर किया जा सके। हालांकि शिनाख्त होने का पुलिस को इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।