स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तेंदुईपुर गांव के समीप सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर शनिवार की सुबह करीब 11 बजे ट्रक की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर चक्का जाम कर दिया था। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया। ट्रक मालिक द्वारा उचित मुआवजा देने के आश्वासन पर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
शनिवार की सुबह 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के तेंदुईपुर गांव निवासी राम सूरत चौहान (70) अपने घर से पैदल सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर जा रहे थे। तभी बाजार में पटिया उतारने आए ट्रक को ड्राइवर बैक करने लगा। इसी दौरान चपेट में आकर वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। इस पर आनन फानन में जुटे लोगों ने सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर शव को रखकर जाम कर जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा, लेकिन ग्रामीणों ने लेने से रोक दिया। इस बीच पुलिस के प्रयास से ट्रक मालिक मौके पर पहुंचा और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इस संबंध कोतवाल ने बताया कि वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।