मुगलसराय। सियालदह से अमृतसर जा रही अकालतख्त एक्सप्रेस ट्रेन के लखनऊ के समीप एक कोच के शौचालय में गुरुवार की भोर में विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद रेलवे की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर गुरुवार को दिन भर स्थानीय रेलवे स्टेेेशन पर ट्रेनों की सघन तलाशी ली गई। यही नहीं सुरक्षाकर्मियों ने प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशन पर हाई एलर्ट किया गया है और सुरक्षा बलों विशेष रूप से जांच पड़ताल का निर्देश दिया गया है। इसी बीच गुरुवार की भोर में लखनऊ के समीप सियालदह से अमृतसर जा रही अकालतख्त एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच के शौचालय में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद सतर्कता और बढ़ा दी गई है। रेलवे बोर्ड द्वारा आरपीएफ और जीआरपी को विशेष जांच का निर्देश दिया गया। इसके बाद जीआरपी ने प्रभारी आरके सिंह, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर राजीव सिंह, आरके चंद के नेतृत्व में जीआरपीकर्मियों और आरपीएफ की टीम स्टेशन की जांच की। कोटा पटना एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पटना कोटा एक्सप्रेस, हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस, देहरादून हावड़ा एक्सप्रेस, दानापुर सिकंदराबाद एक्सप्रेस समेत दो दर्जन से अधिक ट्रेनों में जांच की गई। इसी तरह शाम को आरपीएफ उपनिरीक्षक जेके सिंह की देख रेख में मुगलसराय पोस्ट के जवानों और जीआरपी ने डाग स्क्वायड टीम के साथ जांच पड़ताल की। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर लगातार जांच पड़ताल की जाएगी।