चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुरा भट्ठे के समीप शनिवार की दोपहर हौशला बुलंद लुटेरे बैंक से पैसा निकालकर घर जा रहे एक वृद्ध से 49 हजार रुपये छिनकर फरार हो गए। पीड़ित होरीलाल की सूचना पर सदर और अलीनगर थाने के की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। सदर कोतवाली पुलिस मामला दर्ज करके जांच पड़ताल में जुट गई।
अलीनगर थानाक्षेत्र के धपरी गांव निवासी होरीलाल का खाता मुख्यालय स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। शनिवार को वह अपने पुत्र श्रीप्रकाश के साथ चंदौली स्थित पंजाब नेशलन बैंक की शाखा में पहुंचे और अपना उपचार कराने के लिए बैंक से 49 हजार रुपये निकालकर श्रीप्रकाश की बाइक पर बैठकर घर की ओर निकल गए। इसी दौरान चौपाल सागर से पहले मिश्रपुरा भट्ठा के समीप एक बाइक पर सवार दो लोग ने पैसों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। यह देख पिता पुत्र हतप्रभ रह गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोतवाली और अलीनगर थाने की पुलिस पीड़ित से पूछताछ के बाद जांच पड़ताल में जुट गई। इस दौरान बैंक शाखा के आसपास भी पुलिस द्वारा जांच की गई। भुग्तभोगी होरीलाल ने बताया कि उसे दिल की बीमारी है। उसका उपचार पीजीआई में चल रहा है। उपचार के लिए वह बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहा था। सदर कोतवाली पुलिस पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करके जांच पड़ताल कर ही है। सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है और बहुत जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।