सकलडीहा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा तेज आवाज के पटाखे बेचने पर प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश दिए जाने के बाद एसपी के निर्देश पर मंगलवार को सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने कोतवाली पुलिस के साथ कस्बा सहित आसपास के बाजारों में पटाखों की दुकानों पर जांच पड़ताल की। इस दौरान कुछ दुकानदारों को तेज आवाज वाले पटाखे न बेचने की हिदायत दी गई। पुलिस ने चेताया कि ऐसा करते पाए जाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अभियान से पटाखा बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा है।
क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कोतवाल संतोष कुमार राय और कस्बा प्रभारी बाबूराम यादव ने कस्बा के नागेपुर, तेंदुईपुर, सकलडीहा, टिमिलपुर, नईबाजार, चतुर्भुजपुर आदि बाजारों में पटाखा बेचने वाले दुकानदारों की दुकानों पर जांच पड़ताल की। इस दौरान कुछ दुकानदारों के यहां बगैर आवाज वाली पटाखा होने पर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सीओ ने चेताया कि तेज आवाज वाले व बगैर लाइसेंस के पटाखा बेचते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 10 बजे रात के बाद पटाखा बजाते पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीओ ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।