चंदौली। अंतर प्रांतीय चरस की तस्करी करने वाले गिरोह की चार महिलाएं रविवार को पीडीडीयू नगर के सुभाष पार्क के समीप पकड़ी गईं। पुलिस को तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग 13 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसकी कीमत लगभग एक करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी महिलाएं झारखंड के चतरा की रहने वाली हैं, जो चरस लेकर अपने पुरुष साथी पिंटू संग पंजाब के अंबाला जा रही थी। इसका खुलासा रविवार को पुलिस लाइन कार्यालय में एसपी संतोष कुमार सिंह ने किया।
एसपी ने बताया कि पीडीडीयू नगर कोतवाल शिवानंद मिश्रा को सूचना मिली कि चार महिलाएं सुभाष पार्क के पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ वाराणसी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही हैं। सूचना पर कोतवाल ने हमराहियों ने मौके से चारों महिलाओं को पकड़ा और उनके बैग की तलाशी ली तो पॉलिथीन में छिपाकर रखी गई 12 किलो 930 ग्राम चरस पुलिस के हाथ लग गई। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये है। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वह अपने साथी पिंटू कुमार के साथ झारखंड के चतरा से बस पर सवार होकर सासाराम पहुंची और वहां से ट्रेन से पीडीडीयू नगर तक आईं और आउटर पर उतर गई। इसके बाद पिंटू वाहन की तलाश में चला गया। हम सभी वाराणसी से बरेली के रास्ते अम्बाला जाने वाले थे। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वह पहले भी इसी तरह अंबाला तक चरस की तस्करी का कार्य कर चुकी हैं। सभी झारखंड प्रांत के चतरा जनपद के सिमरातरी निवासी सतिया, पूनम, परबतिया व यशोदा है। पुलिस टीम में सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल, शिवानंद तिवारी, हरिकेश, शिवाकांत पांडेय, नीलम त्रिपाठी, शैल कुमारी, सरिता कुशवाहा, अवधेश पटेल आदि उपस्थित थे।