पीडीडीयू नगर। मतदान के चलते सोमवार को बाजार बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इसके चलते चाय-पानी के लिए भी लोग तरस गए। यह हाल जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिला।
सुबह से मतदान के कारण बाजार नहीं खुले। पीडीडीयू नगर के चकिया तिराहा, जीटी रोड के अलावा पड़ाव चौराहे समेत अन्य क्षेत्रों में बाजार पूरी तरह से बंद रहा। बाजार बंद होने के कारण सड़कों को सन्नाटा पसरा रहा। यही हाल चकिया, सैयदराजा व सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला। वहां भी मुख्य बाजारों में दुकानों के शटर गिरे रहे। सवारी वाहनों को भी सड़क पर नहीं चलने के कारण सन्नाटा रहा। इसके चलते लोग चाय-पानी समेत अन्य जरूरी सामान के लिए तरस गए। इसके अलावा कुछ एक स्थानों पर जहां दुकानें खुली मिली वहां पुलिस ने दुकानों को बंद करा दिया। पोलिंग बूथों का जायजा लेने और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने तक पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की आवाजाही रही। सड़कों पर आम दिनों की तरह गाड़ियों का शोर नहीं सिर्फ पुलिस और अधिकारियों के वाहनों के हूटर की आवाज सुनाई दे रही थी।