चंदौली। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की तैयारी चल रही है। अनुमोदित केंद्रों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। इसके साथ ही दो फरवरी तक बोर्ड की ओर से छात्र,अभिभावक व प्रधानाचार्यों से आपत्तियां ली जाएंगी।
जनपद के राजकीय, अशासकीय व मान्यता प्राप्त स्कूलों की ओर से दी गई सूचनाओं में खामियां मिलने से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण समय पर नहीं हो पाया। इसकी वजह से अवधि बढ़ाई गई है। शासन ने जनपद में 24 जनवरी तक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने का निर्देश दिया था, लेकिन जिओ टैगिग में गड़बड़ी की वजह से केंद्र निर्धारण की समयावधि बढ़ा दी है। अब 10 फरवरी तक केंद्रों का निर्धारण कर अंतिम सूची जारी की जाएगी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार जनपद में 94 केंद्र बनाए जाएंगे। जनपद के विभिन्न स्कूलों में हाईस्कूल बालक वर्ग के 17283 व बालिका वर्ग 15285 और इंटरमीडिएट के बालक वर्ग में 14302 व 12687 बालिकाएं पंजीकृत हैं। विद्यालयों के बीच की कराई गई दूरी की जिओ टैगिग में गड़बड़ी मिली है। जिला स्तरीय समिति के सत्यापन में इसका खुलासा हुआ। विभाग के अनुसार, परीक्षा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए केंद्रों को प्रतिदिन सैनिटाइज कराया जाएगा। एक से दूसरे परीक्षार्थी के बीच छह फीट की दूरी बनाकर डेस्क स्लीप लगाई जाएगी। केंद्र में कक्ष निरीक्षक व परीक्षार्थी का प्रवेश मास्क के बगैर वर्जित रहेगा। केंद्र के प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरा व वायस रिकार्डर होना चाहिए। कोरोना संक्रमण की वजह से बीते सत्र में बिना परीक्षा दिए ही विद्यार्थी उत्तीर्ण हो गए। इस बार केंद्र बनाकर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के छात्रों की सभी विषयों की परीक्षाएं ली जाएंगी।
केंद्र निर्धारण को लेकर अभी तैयारी चल रही है। जिओ टैगिग में गड़बड़ी मिली है। केंद्रों के निर्धारण का कार्य 10 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही कार्यालय के सूचना बोर्ड पर केंद्रों की सूची चस्पा करा दी जाएगी। डा. वीपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।