सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली के जमालपुर गांव के समीप रविवार की सुबह ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से अलीनगर के महरखा गांव निवासी बाइक सवार लाची देवी (40) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा भतीजा नीरज चोटिल हो गया। घटना के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अलीनगर के महरखा गांव निवासी नीरज अपनी चाची लाची देवी को बाइक पर बैठा कर किसी काम से भलेहटा गांव गया हुआ था। सुबह दस बजे वह बाइक से घर वापस लौट रहा था। वह जैसे ही वह जमालपुर नहर मार्ग पर पहुंचा था कि पीछे से आ रहे गेंहू से लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे चाची लाची देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज बाइक समेत सड़क के किनारे गिरकर जख्मी हो गया। ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों की मदद से उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया गया। इस संबंध में कोतवाल विनोद मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नीरज की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।