चहनियां। बलुआ थाना के हसनपुर गांव में मंगलवार की सुबह रोडवेज बस और आटो रिक्शा की आमने सामने की टक्कर में आटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं आटो चालक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अधेड़ की मौत से परिजनों ने कोहराम मच गया। घटना के बाद पुलिस ने रोडवेज बस और चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
क्षेत्र के के सढ़ान गांव निवासी मुमताज अहमद (56) पांच दिन पहले लकवा की दवा लेने के लिए कोलकाता गए थे। मंगलवार की सुबह ट्रेन से पीडीडीयू जंक्शन पहुंचे और आटो से घर जा रहे थे। आटो हसनपुर गांव निवासी रामकृत यादव (32) चला रहा था। भोर में घना कोहरा होने की वजह से सामने से आ रही रोडवेज बस नहीं दिखी और आटो बस से टकरा गई। तेज टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़ गए। वहीं उसमें सवार मुमताज और रामकृत दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर एकत्र लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं बस को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। वहीं अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देख वाराणसी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने मुमताज अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुमताज के मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया है। इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष मिथलेश तिवारी ने कहा कि घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं बस को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नही मिली है।