पीडीडीयू नगर। जिले के सभी गांव अब एलईडी लाइटों से जगमग होंगे। गांव में पर्याप्त उजाला होने से चोरी या अन्य घटनाओं पर अंकुश लगेगा वहीं ग्रामीणों को घर से बाहर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
चालू वित्तीय वर्ष में जनपद की 734 ग्राम पंचायतों में एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए गांव में जगह चिह्नित की जाएगी। पंचायती राज निदेशक ने लाइटें लगवाने के लिए निर्देश दे रखा है। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। एलईडी लाइटों से गांवों को रोशन किया जाएगा। ग्रामीण अंचलों के चौराहे, सार्वजनिक स्थल, विद्यालय और गलियां भी एलईडी लाइट से जगमग होंगी। एलईडी लाइटों को लगाने में ग्राम पंचायत के साथ-साथ क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत भी सहयोग करेंगी। एलईडी लाइटों की सुरक्षा, डुप्लीकेसी को रोकने के लिए प्रत्येक लाइट की जियो टैगिग कराई जाएगी। एक-एक लाइट का ब्योरा विभाग के पास होगा। लाइटों के लिए अलग से विद्युत कनेक्शन लिया जाएगा। एलईडी लाइटों को लगाने से बिजली की खपत भी कम होगी। लाइटों का मेंटेनेंस और बिल का भुगतान संबंधित ग्राम पंचायत की ओर से किया जाएगा।