चहनियां। लगातार हो रही बारिश का असर गंगा के जल साफ दिख रहा है। क्योंकि चौबीस घंटे में गंगा का जल स्तर पांच फूट बढ़ा है। गंगा के जल स्तर में बढ़ोत्तरी होने से तटवर्ती के लोगों में भय व्याप्त है। हालांकि अभी खतरे के निशान से गंगा का जल स्तर बहुत नीचे है।
अगस्त माह में गंगा के उफान से गांव तक पानी पहुंच गया था। बाढ़ की वजह से लोगों को बाढ़ राहत चौकियों की शरण लेनी पड़ी थी। लेकिन पानी जल्दी घट गया था। इसबीच सितंबर माह में हुई बारिश से एक बार फिर से जलस्तर में बढ़ोत्तरी शुरू हुई, लेकिन पानी अधिक नहीं बढ़ा।
इससे तटवर्ती इलाके के लोगों की माने तो पिछले चौबीस घंटे में गंगा का जल स्तर पांच फीट तक बढ़ा है। क्षेत्र के डेरवा महुअर, महुअरिया, बिसुपुर, हरधन, पूरा विजयी, पूरा गनेश, जूड़ा, नारेपर, मठिया, मड़ई, सोनबरसा, सरौली, मारूफपुर, हसनुपर, भूसौला, नादी, निधौरा, नैढ़ी, मुकुंदपुर, सढ़ान आदि गांव के लोग बाढ़ की आशंका से परेशान होने लगे हैं। क्षेत्र के राजमणि पांडेय, विजयनरायन पांडेय, मदन यादव, रामप्यारे यादव, रामनरायन पांडेय, सियाराम, उदयनाथ तिवारी, बेचू सिंह आदि ने बताया कि जिस तरह से गंगा का जल स्तर बढ़ रहा है। उससे फिर से बाढ़ की आशंका हो गई है।