मोहनिया। क्षेत्र के कैमूर जिले में रामगढ़ थाने की पुलिस ने शनिवार की रात एक लग्जरी कार से 540 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार से एक जिला पंचायत पद के प्रत्याशी का हैंडबिल व 50 हजार रुपये भी बरामद किया। जिस प्रत्याशी का हैंडबिल बरामद हुआ है उसके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष रामकल्याण यादव ने बताया कि शनिवार की रात गश्त के दौरान एसआई प्रमोद कुमार व योगेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ एक लग्जरी कार से 540 बोतल शराब, 50 हजार नगद व रामगढ़ भाग-3 से महिला जिला परिषद प्रत्याशी के 27 हैंडबिल बरामद किया। बताया कि कार से गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र का आहीवास गांव निवासी नीतीश कुमार (20) व सुचीत कुमार सिंह(26) हैं। गिरफ्तार आरोपियों का रविवार को मेडिकल कराने की बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
लोगों ने सवाल उठाया कि प्रशासन की ओर से लगातार छापा मारकर अभियान चलाने के बाद भी शराब माफिया उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब लेकर कैसे प्रवेश कर रहे हैं। बिहार के हर बॉर्डर पर हाई प्रोफाइल पुलिस तैनात है। बावजूद इसके प्रशासन की नाक के नीचे से शराब माफिया तस्करी कर रहे हैं।