मेगा कैंप में शाम तक 32,486 को टीका
बुलंदशहर। जिले में रविवार को टीकाकरण के लिए मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य तक नहीं पहुंचा जा सका। शाम तक 32,486 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 23,553 किशोर थे। मेगा कैंप के लिए जिले के 104 स्कूलों को भी केंद्र बनाया गया था। स्कूल-कॉलेज समेत केंद्रों पर 51,467 किशोर समेत एक लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया।
कोरोना संक्रमण की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। वहीं, छह दिन पूर्व शुरू हुए किशोरों के टीकाकरण के बावजूद 2.45 लाख के सापेक्ष 70 हजार के करीब ही किशोरों का टीकाकरण हो सका था। वहीं, 18 से अधिक उम्र के तीन लाख से अधिक लोग भी टीकाकरण से वंचित चल रहे थे। सभी को टीका लग सके इसके लिए शासन के निर्देश पर रविवार को डीएम द्वारा एक लाख किशोर एवं अन्य सभी वर्ग के लोगों के टीका लगाने के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएमओ डॉ. बलराज ने बताया कि मेगा कैंप के लिए रविवार को 104 स्कूल-कॉलेज समेत 246 सत्र का आयोजन किया गया। नगर के डीपीएस स्कूल में बनाए गए केंद्र का डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक पांडेय संग निरीक्षण किया।
बीडीए परिसर में भारत विकास परिषद सेवार्थ शाखा, संतोष इंटरनेशनल स्कूल, जेपी जनता (शर्मा) इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और मुस्किल इंटर कॉलेज, औरंगाबाद नगर के नेशन पब्लिक स्कूल, तोमड़ी स्थित जेपी विद्या मंदिर, गुलावठी क्षेत्र में एससीए मेमोरियल पब्लिक स्कूल, एससीए मेमोरियल स्कूल, गायत्री पब्लिक स्कूल एवं चंद्रकांता पब्लिक स्कूल में भी किशोरों को टीका लगाया गया।
पिछले दो वर्ष से कोविड के कारण स्कूल-कॉलेज बंद चल रहे थे। इससे शिक्षा पर असर पड़ रहा था। अब किशोरों को टीका लगने से उन्हें सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। टीकाकरण अभियान को एक आंदोलन एवं मुहिम मानकर सभी लोग टीका जरूर लगवाएं। - चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम
जिलेभर में 15 से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाने के लिए मेगा कैंप का आयोजन हुआ। जो लोग अभी भी वंचित चल रहे हैं। वो जल्द से जल्द टीका लगवा लें। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ