खुर्जा सिकंदराबाद मार्ग पर बिजली कटौती के विरोध में जाम लगाते लोग। संवाद
खुर्जा। अंबेडकर कॉलोनी में पिछले दो दिन से ट्रांसफार्मर खराब है, इस कारण आपूर्ति ठप पड़ी है। इसी के विरोध में शनिवार सुबह कॉलोनी के लोग तेलिया घाट पर प्रदर्शन करने पहुंच गए। कोई सुनवाई नहीं होने पर गुस्साए लोगों ने खुर्जा- सिकंदराबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ और जाम खोला गया।
कॉलोनी निवासी रविंद्र ने बताया कि अंबेडकर कॉलोनी में करीब 350 घर हैं, जहां पर केवल 200 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा था। ओवरलोड होने के कारण अक्सर ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है। इस संबंध में पूर्व में भी ऊर्जा निगम के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कहा गया, मगर कोई सुनवाई नहीं हो सकी।
सोमवार रात को कॉलोनी में फिर से ट्रांसफार्मर खराब हो गया, इसको बदलने में पूरे एक दिन का समय लग गया है। गर्मी में लोगों को बिन बिजली के रहना पड़ा। दो दिन पहले बृहस्पतिवार को फिर से वह ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया, मगर उसको बदला नहीं गया। दो दिन तक लोग उमस भरी गर्मी में बिन बिजली के रह रहे हैं।
कॉलोनी के कई लोगों ने मोबाइल नंबर से ऊर्जा निगम के कर्मचारी व अधिकारियों से संपर्क किया। मगर न कोई जानकारी दी और न कोई स्पष्ट जवाब दिया। बिना बिजली के पानी की किल्लत भी बनी हुई है। ऐसे में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी हो रही है। घरेलू कार्य भी नहीं हो रहे और दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है।
शनिवार सुबह गुस्साए लोग तेलिया घाट बिजली घर पहुंच गए। आपूर्ति की मांग करते हुए हंगामा किया। यहां पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गुस्साए लोगों ने सिकंदराबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जहां लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया।
ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी नहीं थी। शनिवार को नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर इंस्टॉल किया जा रहा है। देर शाम तक आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। - यशेंद्र कुमार, एसडीओ नगर