बुलंदशहर। पीएम श्री योजना में शामिल 17 परिषदीय स्कूलों को 1.30 करोड़ रुपये का बजट मिला है। बताया कि इन स्कूलों को 2.60 करोड़ की राशि मिलेगी। इससे पहले 65 लाख रुपये का बजट मिला था। जबकि अब 65 लाख रुपये भी जल्द मिलने की संभावना है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि योजना में जिले के 18 परिषदीय स्कूल व एक माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय पला कसेर स्कूल का चयन किया गया। योजना शुरू होने से पूर्व शासन स्तर से जिले के स्कूलों की सूची मांगी गई थी। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक से एक-एक स्कूल का चयन किया साथ ही इनमें होने वाले कार्यों के लिए 2.60 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इन स्कूलों में योजना के तहत होने वाले कार्य के लिए पहली किस्त में 65 लाख रुपये मिले थे, यह राशि 25 फीसदी थी।
अब 50 फीसदी 1.30 करोड़ की राशि मिली है। राशि से स्कूलों में 14 कमरे, 9 बाल वाटिका और तीन दिव्यांग शौचालय आदि बनाए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने तैयारी कर ली है। सभी स्कूलों में होने वाले इन कार्यों को पूरा कराने के लिए खाका तैयार कर लिया है। जल्द ही कमरों, बाल वाटिका और दिव्यांग शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। इसका लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा। साथ ही चौथी किस्त में मिलने वाली 65 लाख की राशि से अन्य काम पूरे किए जाएंगे।