एसएसपी कार्यालय के बाहर से बिना हेलमेट बाइक पर जाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : BULANDSHAHR
नियमों की उड़ती रहीं धज्जियां, बीता सड़क सुरक्षा सप्ताह
बुलंदशहर। यातायात के प्रति लोगों को जागरूक करने के इरादे से चलाए गए सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह अभियान का असर जिले में नहीं दिखा। न जागरूकता रैली निकाली गई और न ही धरातल पर कोई कार्यक्रम होता नजर आया। सप्ताह भर सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती नजर आईं। बाइक पर बिना हेलमेट तीन सवारी फर्राटा भरते रहे तो कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए।
जिले में 24 से 30 सितंबर तक द्वितीय सड़क सुरक्षा सप्ताह अभियान चलाया गया। सप्ताहभर चले अभियान के दौरान इस बार नाममात्र (शुभारंभ और समापन) कार्यक्रम आयोजित होने से लोग जागरूकता अभियान से वंचित रहे। विभागीय अफसरों द्वारा महज खानापूर्ति की गई। दो पहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग हो रही है। यहीं नहीं लोग हेलमेट लगाने से भी गुरेज कर रहे हैं। चार पहिया चालक सीट बेल्ट भी नहीं लगा रहे हैं। लोगों के मुताबिक अगर जागरूकता अभियान के साथ सड़क पर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने वालों पर कार्रवाई की जाती तो इसके परिणाम बेहतर होते। बृहस्पतिवार को समापन के दिन एसएसपी कार्यालय के पास व अन्य चौराहों पर पुलिस कर्मी भी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते नजर आए।
कार्यालय पर बृहस्पतिवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन किया गया। इस दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। कार्रवाई करने का अधिकार एआरटीओ प्रवर्तन और यातायात निरीक्षक को है। लोगों से अपील है कि सुरक्षित रहने के लिए यातायात नियमों का पालन अवश्य करें।
- मोहम्मद कय्यूम, एआरटीओ प्रशासन