वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत एशियन विकास बैंक अनूपशहर-बुलंदशहर तक 37 किलोमीटर लंबी रोड बनवाएगा। इसके लिए बैंक ने पीडब्ल्यूडी को 123 करोड़ रुपये की फंडिंग की है।
जल्द ही अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग का निर्माण शुरू हो जाएगा। यह व्यावसायिक दृष्टिकोण से बेहद व्यस्त मार्ग है। हाल ही में सांसद भोला सिंह ने इस मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा देने की मांग परिवहन मंत्री से की थी।
बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग डिबाई से अलीगढ़ और मुरादाबाद को जोड़ता है। निर्माण अनूपशहर के जटवाई से डिबाई के भीमपुर दोराहा तक करीब 37 किमी. तक होगा।
मेजर डिस्ट्रिक रोड का निर्माण वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत होना है। इसके लिए एशियन विकास बैंक ने वित्त स्वीकृति प्रदान कर दी है। निर्माण के लिए बैंक ने 123 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है।
वहीं, वित्त स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निर्माण के संबंध में जल्द ही टेंडर जारी होने हैं। फिलहाल सड़क की मौजूदा स्थिति बेहद खस्ता है।
सड़क पर एक एक फीट गहरे गडढ़े बन गए हैं। बता दें कि काफी समय से स्थानीय स्तर पर सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी।
वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत एशियन बैंक से वित्त स्वीकृति मिल गई है। अनूपशहर बुलंदशहर मार्ग निर्माण के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएगे। सड़क निर्माण पर करीब 123 करोड़ रुपये खर्च आएगा। - अनिल गुप्ता, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी