युवकों ने पुलिस से की हाथापाई
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दबंग युवकों ने कागज मांगने पर पुलिस टीम के साथ हाथापाई कर दी। मारपीट में एक होमगार्ड और पीआरडी जवान मामूली रूप से घायल हो गए हैं। पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।
शिकारपुर के गांव फतेहपुर निवासी होमगार्ड रविंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उसकी ड्यूटी हेड कांस्टेबल जयवीर, कांस्टेबल कपिल कुमार और होमगार्ड रफीक के साथ मोबाइल वाहन पर लगी हुई है। बुधवार रात वह पुलिस टीम के साथ शिकारपुर तिराहे पर चेकिंग में मौजूद था। गांव मीरपुर ख्वाजपुर की ओर से आते हुए एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। इस पर बाइक सवार चालक ने कट मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में बाइक सवार युवकों की शिनाख्त रितेश उर्फ सोनू पुत्र राजकुमार निवासी इंद्राकालोनी कोतवाली देहात और लाला पुत्र राजवीर निवासी गांव शेखपुर शिकारपुर के रूप में हुई। आरोप है कि जब युवकों से बाइक के कागजात दिखाने के लिए कहा गया तो उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से अभद्रता एवं हाथापाई शुरू कर दी। पीआरडी जवान मंगू सिंह को धक्का देकर गिरा दिया। मारपीट में पीआरडी जवान मंगू सिंह और होमगार्ड रविंद्र सिंह मामूली चोटिल हो गए। पुलिसकर्मियों द्वारा दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।