सम्मान निधि के लिए अब राशनकार्ड जरूरी
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने के लिए अब केंद्र सरकार ने राशनकार्ड नंबर अनिवार्य कर दिया है। ताकि पति व पत्नी में से एक को ही सम्मान निधि का लाभ मिल सके। नई व्यवस्था के तहत शुरू हुए सम्मान निधि के नए पंजीकरण प्रक्रिया में बिना राशन कार्ड नंबर पंजीकरण पर रोक लगा दी है। किसानों की सहूलियत के लिए पंजीकरण के बाद कागजात व घोषणा पत्र की हार्ड कॉपी जमा करने के लिए कृषि विभाग के कार्यालय का चक्कर भी नहीं काटना होगा। क्योंकि पंजीकरण के समय ही खतौनी, आधार व पासबुक की फोटो की पीडीएफ फाइल ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।
जिले में इस समय 3.75 लाख से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ उठा रहे हैं। जब से यह योजना शुरू हुई है तब से लेकर अब तक इसमें अपात्र भी सामने आ चुके हैं। अब जब नए किसानों का पंजीकरण शुरू हुआ तो केंद्र सरकार ने नई व्यवस्था शुरू की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीकरण के लिए राशनकार्ड नंबर अनिवार्य किया गया है। बिना इसके लाभ मिलना तो दूर पंजीकरण तक नहीं होगा।
प्रभारी उप कृषि निदेशक धनन्जय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए नए पंजीकरण के लिए वेबसाइट खोल दी गई है। अब तक पंजीकरण न कराने वाले किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र पर पंजीकरण करा सकते हैं। हालांकि नई व्यवस्था के तहत पंजीकरण में राशन कार्ड नंबर अनिवार्य किया गया है। जिन किसानों के पंजीकरण पहले से है, वह दोबारा पंजीकरण न कराएं।