सबा हत्याकांड : वारदात के वक्त अपनी दुकान पर था नामजद आरोपी
बुलंदशहर। अगौता थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुए सबा हत्याकांड में एक नामजद आरोपी के परिजनों ने एसएसपी को वारदात के वक्त की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराई है, जिसमें आरोपी वारदात के वक्त अपनी दुकान पर बैठा था।
गौरतलब है कि गत 19 सितंबर को अगौता क्षेत्र के गांव जौलीगढ़ में 10 वर्षीय बच्ची सबा की उसके घर के अंदर गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतका की मां शबनम ने थाना अगौता में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर से बुलंदशहर गई थी। घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। जब घर के पास पहुंची तो देखा आरोपी फरियाद, इंसाद, हामिद अली, मुजाहिद, मुदस्सिर उसके घर से निकले। घर के अंदर उसकी पुत्री की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हत्या की योजना में उक्त पांच के अलावा मुज्जमिल पुत्र अब्दुल समद और आरिफ पुत्र नजर मोहम्मद शामिल रहे। बालिका सबा की हत्या में थाना पुलिस ने चार नामजद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी मुजाहिद के परिजनों ने एसएसपी को सीसीटीवी की फुटेज सौंपते हुए बताया कि घटना वाले दिन मुजाहिद घटनास्थल से करीब दस किलोमीटर दूर अपनी दुकान पर था। ऐसे में उसकी मौजूदगी घटनास्थल पर कैसे हो सकती है। परिजनों ने मामले में एसएसपी से निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी