फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाकियू के प्रदर्शन से दो घंटे ठप रहा इलाज

विज्ञापन
विज्ञापन
भाकियू के प्रदर्शन से दो घंटे ठप रहा इलाज
विज्ञापन

बुलंदशहर। जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में एक चिकित्सक पर अवैध वसूली का आरोप लगा भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने विरोध प्रदर्शन किया गया। अस्पताल परिसर में अव्यवस्था होने पर चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। करीब दो घंटे इमरजेंसी और ओपीडी सेवाएं बंद होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल परिसर में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज विभिन्न बीमारियों का उपचार कराते हैं। जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में मात्र एक केंद्र पर एक चिकित्सक द्वारा अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए समय दे दिया जाता है। परिधि शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व में अल्ट्रासाउंड कराने के दौरान समय दिया गया। मंगलवार को अल्ट्रासाउंड कराने आई तो फिर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। पूछने पर चिकित्सक और कर्मियों ने अभद्रता कर मारपीट की। इसकी सूचना मिलने पर भाकियू महाशक्ति के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर सभी कर्मियों ने कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया और किसानों के विरोध में नारे लगाए। चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कार्य का बहिष्कार किए जाने से इमरजेंसी और ओपीडी में आए मरीजों को उपचार कराने के लिए भटकना पड़ा। कुछ मरीज बिना उपचार कराए लौट गए। हंगामे की सूचना पर सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जगदंबा सिंह, नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ओर सीएमएस डॉ. राजीव प्रसाद मौके पर पहुंचे और किसान नेताओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान नेता संबंधित चिकित्सक को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े रहे।
विज्ञापन

बोले मरीज
अपनी अम्मा की आंख दिखाने के लिए आई थी। आंख चिकित्सक को दिखा दी तो उन्होंने दवा लिख दी। दवा काउंटर बंद मिला। पता किया तो किसान नेताओं द्वारा किए गए विरोध में काउंटर बंद की जानकारी मिली। अब बाजार से दवा खरीदनी पड़ेगी। - सुधा, भंडौली निवासी
जैनपुर से मां को दिखाने के लिए आया था। सोचा जिला अस्पताल में उपचार मिल सकेगा। यहां किसानों के विरोध के कारण इमरजेंसी सेवा भी बंद मिली। अब किसी अन्य अस्पताल में जाकर उपचार कराना पड़ेगा। - विनोद, जैनपुर निवासी
इमरजेंसी में परिवार के सदस्य को दिखाने आया था। तभी हड़ताल शुरू हो गई। एक मरीज के चक्कर में अन्य मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह कहां का न्याय है। - ताहिर, मामन चौकी निवासी
आज बंद रहेगी ओपीडी
भाकियू नेताओं द्वारा लगातार अभद्रता के मामले पर प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उप्र द्वारा विरोध जताया गया। साथ ही बुधवार को ओपीडी सेवा बंद रखने का निर्णय लिया गया। संघ के अध्यक्ष डॉ. आशीष प्रकाश और सचिव डॉ. विकास राय ने बताया कि जिला अस्पताल में कम स्टाफ के होने के बावजूद मरीजों का हर संभव उपचार करने का प्रयास किया जा रहा है। आए दिन किसान नेता अभद्रता और मारपीट पर उतारू रहते हैं। पूर्व में भाकियू नेता द्वारा मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं हुई। अब भाकियू के एक अन्य संघ द्वारा अल्ट्रासाउंड कक्ष में आकर अभद्रता की गई। इसके विरोध में बुधवार को केवल इमरजेंसी सेवा और पोस्टमार्टम आदि किए जाएंगे। ओपीडी सेवा व अन्य कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।
मौके पर जाकर किसानों को समझाने का प्रयास किया गया। एक ही चिकित्सक पर अल्ट्रासाउंड और एक्सरे का प्रभार होने पर मरीजों को समय दिया जाता है। आकस्मिक स्थिति पर सुविधा उपलब्ध करवा दी जाती है। रुपये लेकर अल्ट्रासाउंड करने के आरोप निराधार है। फिर भी जांच की जाएगी। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ
विज्ञापन

संगठन के एक पदाधिकारी अपनी पत्नी को लेकर अल्ट्रासाउंड कराने गए। वहां चिकित्सक द्वारा रुपये लेकर अल्ट्रासाउंड किए जाने का वीडियो बना लेने पर मारपीट की गई। अगर लोगों के पास पैसा होता तो वो सरकारी अस्पताल क्यों आते। ऐसे चिकित्सक को सस्पेंड किया जाए। - ठाकुर धर्मेंद्र सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाकियू महाशक्ति
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें