300 मीटर बनाकर छोड़ दी तीन करोड़ की सड़क
बुलंदशहर। नगर की पॉश यमुनापुरम कॉलोनी की सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर लगाने के लिए ठेकेदार कार्य करने को तैयार नहीं है। हालत यह है कि करीब एक वर्ष से कॉलोनी के लोग टूटी सड़कों पर चलने के लिए मजबूर हो रहे हैं। ठेकेदार ने किनारे की टाइल्स उखाड़ तो दीं लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण नहीं कराया है। इसके चलते अब लोगों में रोष है।
यमुनापुरम की मुख्य सड़क के साथ मॉल से चांदपुर रजवाहे तक की सड़क का चौड़ीकरण और डिवाइडर लगाने का कार्य होना था। इसके लिए नगर पालिका ने करीब तीन करोड़ की लागत से एक वर्ष पूर्व टेंडर छोड़ा था। टेंडर जारी करने के बाद ठेकेदार ने मॉल से लेकर रजवाहे तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा तो कर दिया गया, लेकिन मुख्य रोड के चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर लगाने के कार्य पर ब्रेक लगा दिया। इस मामले में कालोनी निवासी प्यारे लाल जाटव ने नगर पालिका ईओ को शिकायत भेजकर आरोप लगाया कि सड़क के साइड में लगी टाइल्स को उखाड़ दिया गया। इसके बाद चौड़ीकरण के लिए गिट्टी बिछाकर छोड़ दिया गया, लेकिन कई माह से सड़क पर उड़ने वाली धूल से लोगों को आने जाने में परेशानी हो रही है। आरोप है कि टेंडर जारी करने के दौरान निर्माण में प्रयोग होने वाली सामग्री की कीमत काफी कम थी और अब कीमत बढ़ने से ठेकेदार कार्य करने से पीछे हट रहा है। जिसके चलते आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
कॉलोनी की गलियों की हालत भी खस्ता
यूं तो यमुनापुरम को पॉश कालोनी माना जाता है लेकिन यहां की मुख्य सड़क के साथ ही गलियां भी खस्ता हालात में हैं। इसके बाद भी लोगों की इस समस्याओं को दूर करने के लिए न तो अधिकारी आगे आ रहे हैं और न ही लोगों ने समस्या को दूर करने के लिए कोई पहल की है। बताया जा रहा है कि स्टेडियम के पास बन रहे सीवर लाइन का आइपीएस (इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन) के कारण भारी वाहन वहां पहुंचते हैं और सड़क टूट जाती है।
सीवर लाइन योजना का कॉलोनी के लोगों को लाभ नहीं
कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि कालोनी में सीवर लाइन तो पहले ही बिछाई जा चुकी थी, लेकिन इसे मुख्य लाइन से नहीं जोड़ा जा रहा है। जिसके चलते अब भी कालोनी के लोगों को सीवर लाइन योजना का लाभ नहीं मिलता दिख रहा है। लोगों ने मांग की है कि मुख्य लाइन से सीवर लाइन को जुड़वाया जाए, ताकि उन्हें भी सीवर लाइन का लाभ मिल सके।
बोले लोग -
लंबे समय से कालोनी की सड़क टूटी पड़ी है, लेकिन अधिकारियों का इसकी ओर कोई ध्यान नहीं है। सड़क पर उड़ती धूल के कारण कॉलोनी की हालत अवैध कालोनियों से भी बदतर हो गई है। जल्द ही समस्या का समाधान होना चाहिए। - गजेंद्र सिंह
सड़क का निर्माण चुनाव से पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार के साथ अधिकारियों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिसका खामियाजा कालोनी की जनता को भुगतना पड़ रहा है। शीघ्र सड़क का चौड़ीकरण पूरा होना चाहिए। - डा. ओपी सिंह
कॉलोनी की सड़क का चौड़ीकरण होना है। ठेकेदार ने चुनाव से पहले कुछ कार्य किया था। अप्रैल माह में शेष कार्य को भी पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही चौड़ीकरण के बाद सड़क पर डिवाइडर भी लगाने की कार्रवाई की जाएगी। - मनोज रस्तोगी, ईओ, नगर पालिका