दुकान जा रही युवती को अगवा कर किया दुष्कर्म
अनूपशहर। घर से दुकान जा रही युवती को अगवा कर युवक ने दुष्कर्म किया। युवती की चीख पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
अनूपशहर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे उसकी 20 वर्षीय पुत्री घर से दुकान पर तेल लेने गई थी। रास्ते में ही गांव निवासी युवक पुत्री को अगवा कर खेत में ले गया और दुष्कर्म किया। बेटी के विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीटा और घटना के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं युवती के काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में निकल पड़े। खेतों की तरफ युवती की चीख सुनकर परिजन व ग्रामीण वहां पहुंचे और आरोपी को पीटा। सूचना पर देर रात पहुंची थाना पुलिस ने आरोपी को साथ ले गई। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण एहतियातन गांव में पुलिस तैनात की गई है।
आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया है। युवती को मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - हरेंद्र कुमार, एसपी देहात