काला तेल इस्तेमाल करने पर दो पॉटरी इकाइयों की मशीनें सील
बुलंदशहर। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने खुर्जा नगर की पॉटरी इकाइयों में जाकर काले तेल की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाया। इस दौरान 18 पॉटरियों में छानबीन की गई, जिसमें दो काले तेल से संचालित होती मिलीं। जिस पर अधिकारियों ने इन पॉटरी की मशीनाें को सील कर दिया।
बताया जाता है कि मुनाफाखोरी के चलते प्रतिबंधित काला तेल पॉटरी में खूब इस्तेमाल किया जाता है। डीएम के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों ने काला तेल पकड़ने के लिए पॉटरी क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। 30 सितंबर और पांच अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के मूंडाखेड़ा और बरौली रोड नगला कोठी स्थित दो पॉटरी में काला तेल इस्तेमाल होता मिला, जबकि शेष गैस से संचालित मिलीं। अवैध संचालन पर अफसरों ने तेल जब्त किया और इन दोनों पॉटरी की मशीनों पर सील लगा दी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी सपना श्रीवास्तव ने खुर्जा पॉटरी में विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की पुष्टि की है।