वर्चुअल रैली में लोगों को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को वर्चुअल रैली करेंगे। इसके लिए सभी विधानसभाओं में कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को प्रधानमंत्री का भाषण सुनवाया जाएगा। वहीं, बुधवार को गुलावठी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बृहस्पतिवार को जहांगीराबाद और डिबाई में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मतदाताओं को संबोधित करेंगे।
मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय पर प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली कार्यक्रम को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने बताया कि सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली का प्रसारण सभी विधानसभाओं में किया जाना है। इसके लिए सभी विधानसभाओं में प्रभारियों की तैनाती करते हुए कार्यक्रम में लोगों को ले जाने के लिए व्यवस्था कराई है। पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर ने कहा कि कोविड के नियम और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक वर्चुअल रैली कराने के लिए तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से कराया जाएगा। अनूपशहर विधायक संजय शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जहांगीराबाद की अनाज मंडी और डिबाई के कुबेर इंटर कॉलेज में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।