संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जीएसटी चोरी कर कानपुर व राजस्थान जा रही पान मसाला से भरी दो गाड़ियां पकड़ी गई हैं। एक गाड़ी में भरे पान मसाले की कीमत करीब 50 लाख रुपये तो दूसरी गाड़ी में 36 लाख रुपये का पान मसाला रैपर भरा हुआ था। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने दोनों गाड़ियों से करीब 30.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त विवेक कुमार ने बताया कि नोएडा से बड़े पैमाने पर पान मसाला की गाड़ियां कर चोरी कर कानपुर व राजस्थान जा रहीं हैं। अतिरिक्त आयुक्त पीएन मिश्रा की टीम ने सूचना के आधार पर सिकंदराबाद क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो गाड़ियों को पकड़ लिया। इनमें से एक खुर्रम ट्रांसपोर्ट की गाड़ी थी, जिसमें 50 लाख रुपये का विमल पान मसाला नोएडा के कासना स्थित फैक्ट्री से राजस्थान जा रहा था। जब गाड़ी को रोककर चालक से बिल मांगे तो वह पूरे बिल नहीं दिखा सका। इसके बाद जांच पड़ताल करते हुए फर्म से 22.50 लाख रुपये का कर व जुर्माना वसूला गाया। जबकि बॉम्बे-कलकत्ता ट्रांसपोर्ट की एक गाड़ी में 36 लाख रुपये कीमत का राजश्री पान मसाला के रैपर नोएडा से कानपुर स्थित फैक्ट्री में जा रहा था। दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि पान मसाला के रैपर पर आठ लाख रुपये का जीएसटी भुगतान कम किया गया था। दोनों गाड़ियों को पकड़ने के बाद टीम ने कुल 30.5 लाख रुपये का कर व जुर्माना वसूला है। बताया जा रहा है कि नोएडा स्थित पान मसाला फैक्टरी से प्रतिमाह 10 से अधिक गाड़ियां कर चोरी करते हुए कानपुर के लिए रवाना की जाती हैं, लेकिन इसके बाद भी नोएडा के अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए।
-जिले में हुई कार्रवाई तो कर चोरों ने बदला रूट-
कर चोरी कर पान मसाला को कानपुर ले जाने के लिए पहले नोएडा से वाया बुलंदशहर गाड़ियां गुजरती थीं, लेकिन अब जिले में जीएसटी टीम की कार्रवाई के बाद कर चोरों ने अपना रूट बदल दिया है। बताया जा रहा है कि अब पान मसाला की गाड़ियां नोएडा से यमुना एक्सप्रेस वे होकर कानपुर जा रहीं हैं।
संयुक्त आयुक्त जीएसटी विवेक कुमार ने बताया कि पान मसाला की एक गाड़ी और एक गाड़ी पान मसाला रैपर की पकड़ी गई है। दोनों से 30.5 लाख रुपये का कर व जुर्माना वसूला गया है। अब कर चोरों ने अपना रूट बदल दिया है। फिर भी कर चोरों को पकड़ने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।