बुलंदशहर। जिले में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। शनिवार को 78 केंद्रों पर परीक्षा हुई। 7795 छात्र-छात्राओं में से 7616 ने परीक्षा दी, 179 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा नौ फरवरी तक जारी रहेगी।
शनिवार को केंद्रों पर रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, भूगोल, कृषि रसायन, गृह विज्ञान सहित अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं हुईं। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं को देखा तो परीक्षाएं बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार हो रही थीं। जिला विद्यालय निरीक्षक शिवकुमार ओझा ने बताया कि जिले में बनाए गए 209 केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षा जारी है। शनिवार को 78 परीक्षा केंद्रों पर विषयों की परीक्षाएं संपन्न हुई। परीक्षाओं में 7,795 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 7,616 ने परीक्षा दी और 179 अनुपस्थित रहे। परीक्षाओं को कराने के लिए अलग से परीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार जिले में परीक्षाओं को संपन्न कराया जा रहा है। अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं की रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जा रही है।