बुलंदशहर। जिले के परिषदीय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। अधिकारियों की ओर से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति का आंकलन किया गया। जिसमें 1,205 स्कूलों में बच्चों की 75 फीसदी से कम उपस्थिति रहीं। 37 ऐसे स्कूल सामने आए हैं, जहां पर बच्चों की उपस्थिति शून्य है। इस लापरवाही पर सभी स्कूलों को बीएसए ने नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि जल्द उपस्थिति में इजाफा न होने पर स्कूल कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में इस समय 1,862 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इनमें 2.10 लाख से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन का निर्देश है कि स्कूल में बच्चों की उपस्थिति 75 फीसदी अनिवार्य है। इसका समय-समय पर आंकलन और समीक्षा की जाती है। पिछले कुछ दिनों से बच्चों की उपस्थिति को लेकर शिक्षकों की लगातार शिकायत मिल रही थी। इस पर जब बच्चों की स्कूलवार उपस्थिति का आंकलन किया गया तो 1205 स्कूल ऐसे सामने आए, जिनमें बच्चों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम पाई गई। चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि 37 स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति शून्य है। स्कूलों में कम उपस्थिति शिक्षकों की लापरवाही को उजागर कर रही है। उपस्थिति कम होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। वहीं, सभी खंड शिक्षा अधिकारी को भी छात्र-छात्राओं की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए है।